Breaking News

हरैया विधायक ने आप सांसद संजय सिंह पर दर्ज कराया मुकदमा, तहरीर में की ये शिकायत

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव करीब आने के साथ सियासी गरमी तेज हो गयी है। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के खिलाफ बस्ती जिले की हरैया विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक अजय सिंह मामला दर्ज कराया है। लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली पुलिस में दर्ज मुकदमंे में कहा गया है कि आप नेता ने छवि धूमिल किया है। पुलिस ने बताया कि हर्रैया विधायक अजय सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कराया गया हैं। पुलिस के अनुसार हजरतगंज कोतवाली में आप सांसद संजय सिंह के खिलाफ बीजेपी विधायक अजय सिंह ने तहरीर दी है। विधायक अजय सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि ‘आठ अगस्त को आप सांसद संजय सिंह ने एक पत्रकार वार्ता में मेरे (अजय सिंह) द्वारा विधानसभा में प्रश्न उठाने संबंधी प्रपत्र का उल्लेख किया और कथित रूप से जल शक्ति मंत्रालय के घोटाले का उल्लेख किया। उनके इस आरोप में मेरी छवि धूमिल हुई है।

विधायक के अनुसार संजय सिंह ने उनके नाम का उल्लेख करते हुए जालसाजी की और बदनाम करने का प्रयास किया है। आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने प्रेसवार्ता में गलत व फर्जी दस्तावेजों व प्रपत्रों का प्रयोग किया है। विधायक अजय सिंह ने आरोप लगाया है कि संजय सिंह ने आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह साजिश रची है। संजय सिंह राजनीतिक प्रसिद्धि हासिल करने के लिए जालसाजी की और फर्जी दस्तावेज मीडियाकर्मियों को दिखाये हैं।

विधायक अजय सिंह ने कहा कि संजय सिंह ने मेरा प्रपत्र जल शक्ति विभाग के संबंध में दिखाया जो गलत है। भारतीय जनता पार्टी विधायक ने कहा कि मैंने जो प्रश्न उठाये थे वह सिंचाई विभाग के संबंध में थे और जलशक्ति मंत्रालय से उसका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने दस्तावेजों को गलत प्रयोग किया हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग द्वारा चेकडैम बनाने के घोटाले की जांच कराने व कार्रवाई की मांग को विधानसभा में उठाया था। हजरतगंज कोतवाली प्रभारी के मुताबिक बीजेपी विधायक की तहरीर पर संजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।