Breaking News

श्रीलंकाई राष्ट्रपति के घर से प्रदर्शनकारियों के हाथ लगे करोड़ों रुपये, वीडियो में नोट गिनते आए नजर

श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के घर से करोड़ों रुपये कैश प्रदर्शनकारियों के हाथ लगा है। आर्थिक संकट के जूझ रहे देश में शनिवार को प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति आवास में घुस गए थे। श्रीलंकाई न्यूजपेपर डेली मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, राजपक्षे की हवेली से बरामद रकम सिक्योरिटी यूनिट्स को सौंप दी गई है।

प्रदर्शनकारियों के राष्ट्रपति राजपक्षे के आवास में घुसने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं। ऐसे ही एक वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी नोट गिनते हुए नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को यह रकम राष्ट्रपति के घर से मिली थी। इस पर सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही फैक्ट सामने आएंगे।

स्वीमिंग पूल में नहाते दिखे प्रदर्शनकारी 
राष्ट्रपति भवन के अंदर बने स्वीमिंग पूल में प्रदर्शनकारियों को नहाते हुए देखा गया है। सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। कुछ प्रोटेस्टर्स वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। प्रदर्शकारियों ने इस दौरान ‘गोटा गो होम’ के नारे भी लगाए। राष्ट्रपति भवन में ये लोग जगह-जगह पर तस्वीरें खींच रहे हैं। बाद में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर जगह को खाली कराया।

प्रधानमंत्री के घर को लगा दिया आग
सरकार विरोधी हजारों आंदोलनकारियों ने शनिवार को राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के कोलंबो स्थित आधिकारिक आवास पर धावा बोल दिया था। ये लोग राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसके अलावा आंदोलनकारियों ने प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के निजी आवास को भी आग के हवाले कर दिया। हालांकि, विक्रमसिंघे ने इस्तीफे की पेशकश की थी। राष्ट्रपति राजपक्षे ने भी 13 जुलाई को इस्तीफे की घोषणा की है।

गहरे आर्थिक संकट का सामना कर रहा श्रीलंका
श्रीलंका एक अभूतपूर्व आर्थिक उथल-पुथल का सामना कर रहा है। 2.2 करोड़ लोगों की आबादी वाला देश सात दशकों में सबसे खराब दौर से गुजर रहा है। श्रीलंका में विदेशी मुद्रा की कमी है, जिससे देश ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं के जरूरी आयात के लिए भुगतान कर पाने में असमर्थ हो गया है।