Breaking News

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने टोक्यो पैरालम्पिक्स के पदक विजेताओं को दी बधाई

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो पैरालम्पिक्स में निशानेबाजी में पदक विजेताओं मनीष नरवाल और सिंहराज अडाना को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

श्री कोविंद ने शनिवार को ट्वीट करके कहा कि युवा मनीष नरवाल ने पैरालम्पिक्स में निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीतकर और तिरंगा फहराने का मौका देकर भारत को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा, “आपने बहुत कम उम्र में अपार प्रतिभा और समर्पण दिखाया है। हार्दिक बधाई! कामना है कि आप भविष्य में कई पुरस्कार जीतें।”

इस प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले अडाना को भी बधाई देते हुए श्री कोविंद ने कहा, “कांस्य पदक जीतने वाले सिंहराज अडाना ने रजत पदक जीतकर टोक्यो पैरालिंपिक के अपने प्रदर्शन में इजाफा किया। आपके असाधारण प्रदर्शन के लिए बधाई। आप भविष्य में आप और अधिक जीत का आनंद लें।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वर्ण पदक जीतने वाले मनीष नरवाल तथा रजत पदक जीतने वाले सिंहराज अडाना से बात कर उन्हें बधाई दी है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर भी उन्हें शुभकामनाएं दी। श्री मोदी ने कहा , “टोक्यो पैरालिंपिक में गौरव जारी है। युवा और उत्कृष्ट प्रतिभावान मनीष नरवाल की शानदार उपलब्धि। उनका स्वर्ण पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। उन्हें बधाई। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा , “सिंहराज अडाना ने एक बार फिर अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दिखाया ! उन्होंने एक बार फिर से मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएच 1 प्रतिस्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस शानदार उपलब्धि से भारत में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई है। उन्हें बधाई। भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं।”

दोनों एथलीटाें ने उत्साहवर्धन और बधाई तथा शुभकामनाओं के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।