Breaking News

मोदी ने भारत को विश्व पटल पर दिलाई अलग पहचान: त्रिवेंद्र

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत ने रविवार को कहा कि आज जो भी कार्य देश में हो रहे हैं, वे अत्याधुनिक तकनीक पर हो रहे हैं और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यों से भारत को विश्व पटल पर एक अलग पहचान दिलाई है।


श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि श्री मोदी ने भारतीय संस्कृति एवं परम्पराओं की पहचान दुनिया को करवाई है। पूरे देश में हर घर शौचालय, लोगों को जन धन खातों से जोड़ने, हर घर में गैस कनेक्शन देने का कार्य श्री मोदी ने किया है।

श्री त्रिवेन्द्र ने रविवार को यह बात बलवीर रोड, देहरादून में नमामि गंगे कार्यक्रम के अन्तर्गत रिस्पना एवं बिन्दाल नदी के इन्टरसेप्शन कार्य एवं एक नग एस.पी.एस. के निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों हेतु अनुमानित 63.75 करोड़ के कार्यों का भूमि पूजन एवं राजपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत बलवीर रोड पर 1.48 करोड़ की लागत के रेन बसेरे का उद्घाटन करते हुये कही। उन्होंने राजपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए सड़कों के निर्माण हेतु 10 करोड़ रूपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेन बसेरे के रूप में लोगों के लिए बलवीर रोड में एक अच्छा सुविधा केन्द्र बना है। इससे बस्ती और आस-पास के लोगों को काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का गंगा की निर्मलता और अविरलता का जो सपना है, उन सपनों को पूरा करने का कार्य उत्तराखण्ड आने वाले चार माह में पूर्ण कर देगा। 135 नाले जो गंगा में गिरते थे, उनमें से 128 नाले टैप किये जा चुके हैं, शेष सात नाले भी जल्द टैप किये जायेंगे। उत्तराखण्ड में जो एसटीपी बने हैं, वे अत्याधुनिक किस्म के हैं।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने वर्ष 2024 तक देश में हर घर नल एवं शुद्ध जल देने का लक्ष्य रखा है। ये सभी सुविधाएं इन मलिन बस्तियों में होंगी तो, ये मलिन बस्तियां गौरव बस्तियां बन जायेंगी। प्रदेश की मलिन बस्तियों को गौरव बस्तियां बनाने का कार्य राज्य सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि जब तक गरीब व्यक्ति की पहुंच सरकार तक नहीं होगी, तब तक देश का पूर्ण विकास नहीं हो सकता। आज हर गरीब की पहुंच प्रधानमंत्री कार्यालय तक है। प. दीनदयाल उपाध्याय के सपने को पूरा करने का कार्य हो रहा है। श्री त्रिवेंद्र ने जल्द ही सौंग बांध का शिलान्यास किये जाने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक हरबंस कपूर, खजान दास, गणेश जोशी, विनोद चमोली, भाजपा के महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट, प्रबंध निदेशक पेयजल निगम वी.सी. पुरोहित आदि उपस्थित थे।