Breaking News

मानसून की विदाई से पहले ही उत्तराखंड में ऊंची चोटियों पर शुरू हुआ हिमपात का सिलसिला

मानसून की विदाई से पहले ही उत्तराखंड में ऊंची चोटियों पर हिमपात का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार को बदरीनाथ में हिमपात के बाद रविवार को यमुनोत्री और गंगोत्री की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फ गिरी। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट आने लगी है। मैदानी जिलों में मौसम साफ है और कुछ क्षेत्रों में हल्का कोहरा भी छाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं।

प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बारिश का सिलसिला थमने के बाद मानसून विदाई को तैयार है। अगले दो दिन में उत्तराखंड से मानसून के विदा होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले यहां ऊंची चोटियों पर इस सीजन का पहला हिमपात भी हो गया है।

 

उधर, उत्तरकाशी में कहीं-कहीं हल्की बौछारें भी पड़ीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, प्रदेश में मौसम परिवर्तन होने लगा है। तापमान में भी गिरावट आने लगी है। अगले कुछ दिन शुष्क रहेंगे। इसके साथ ही मानसून विदा हो जाएगा।