Breaking News

महेन्द्र सिंह धोनी के फार्म हाउस में है दुर्लभ नस्ल का घोड़ा, आश्चर्यजनक है इसकी ऊंचाई और कीमत

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ( Mahender singh dhoni) क्रिकेट के साथ-साथ पालतू पशुओं, डेयरी और खेती-किसानी के प्रति ज्यादा लगाव रखते हैं। उनके रांची फार्म हाउस में गाय, कुत्ते, भैंस, मुर्गी के साथ-साथ घोड़े की भी बेहतरीन नस्ल देखी जा सकती है । महेन्द्र सिंह धोनी इन दिनों रांची के अपने फार्म हाउस में फुरसत के हसीन पल बिता रहे हैं। धोनी के फार्म हाउस में कई नस्लों के घोड़े हैं जो विशेषताओं के कारण प्रसिद्ध हैं। हाल ही में धोनी ने स्कॉटलैंड से एक बेहद खास घोड़ा मंगवाया है। धोनी ने स्कॉटलैंड से शेटलैंड पोनी नस्ल का सफेद रंग का बेहद सुंदर घोड़ा मंगवाया है। यह घोड़ा अपनी कद के लिए भी जाना जाता है।

बताया जा रहा है कि स्कॉटलैंड से मंगवाए गए इस खास घोड़े की कीमत लाखों में है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस घोड़े की कीमत बहुत ज्यादा है। महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक फोटो शेयर की गई है। तस्वीर में वह इस शेटलैंड पोनी नस्ल के घोड़े के सिर पर हाथ फेरते हुए दिख रही है। सोशल मीडिया पर ये फोटो जमकर वायरल हो रही है। लोग घोड़े की इस नस्ल की तारीफ कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर फैंस लगातार इस फोटो पर टिप्पणी कर रहे हैं।

दो साल का है यह घोड़ा
इस शेटलैंड पोनी नस्ल के घोड़े की उम्र करीब दो साल है। यह घोड़ा दुनिया की सबसे छोटी नस्लों में आता है। इस घोड़े की ऊंचाई लगभग तीन फीट होती है। यह अपनी कम ऊंचाई के कारण ही खूबसूरत है। इस घोड़े में ज्यादा तेजी या गति नहीं होती हैं लेकिन अपनी सुंदरता की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत काफी ज्यादा है।
ज्ञात हो कि आईपीएल 14 रद होने के बाद सभी खिलाड़ी अपने घर लौट चुके हैं। महेन्द्र सिंह धोनी भी टीम के खिलाड़ियों के जाने के बाद रांची पहंुच चुके हैं। वर्तमान में क्रिकेट की मैदान पर कोई गतिविधि नहीं है।