Breaking News

ब्राजील में कोरोना के नए वैरियंट का कहर, बीते 24 घंटे में 90 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि, 2800 लोगों की मौत

ब्राजील में कोरोना संक्रमण का कहर जारी है। पिछले 24 घंटे में यहां 90 हजार 570 मामले सामने आए हैं। वहीं 2,815 लोगों की मौत हो गई है। देश में अबतक कुल एक करोड़ 18 लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं। वहीं मरनेवालों की संख्या दो लाख 90 हजार 314 हो गई है। देश के स्वास्थ्य़ मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। लैटिन अमेरिकी देश में इससे एक दिन पहले 87 हजार मामले सामने आए थे और 2700 लोगों की मौत हुई थी।

जर्मनी में भी तेजी से मामले बढ़ रहे

जर्मनी में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। रॉबर्ट कोच इंस्टीट्यूट (RKI) के अनुसार शुक्रवार को यहां 17 हजार 482 मामले सामने आए। मामले बढ़ने का कारण अत्याधिक संक्रामक वैरिएंट B.1.1.7 को बताया जा रहा है, जो यूके में पाया गया था। देश में अब तक कुल 26 लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं। वहीं मरने वालों की संख्या 75 हजार से करीब पहुंच गई है।

फ्रांस में हालत खराब

फ्रांस में कोरोना से हालत खराब है। यहां गुरुवार को 34 हजार 998 मामले सामने आए। वहीं इस दौरान 268 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही कुल मामलों की संख्या 41 लाख के पार हो गई है। मरने वालों की संख्या 91,679 हो गई है। संक्रमण बढ़ने के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बढ़ते मामलों के कारण पेरिस समेत देश के 16 क्षेत्रों में एक महीने के लिए सीमित लॉकडाउन लगा दिया गया है। फ्रांस के प्रधानमंत्री जीन कैस्टेक्स ने इसकी घोषणा की।