Breaking News

बनिहाल में भारी बारिश और भूस्खलन, फिर रोकी गई अमरनाथ यात्रा- जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद

अमरनाथ यात्रा को एक बार फिर रोक दिया गया है। यात्रा के रास्ते पर भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बाद ये कदम उठाया गया है। रामबन के बनिहाल इलाके में दो जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इसके बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे को बंद कर दिया गया है। पहाड़ों से पत्थर गिरने की वजह से जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का जत्था रामबन के चद्रंकोट में एहतियातन रोक दिया गया है। राहत और बचाव टीमें रास्ता साफ करने में जुटी हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जम्मू कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि पहाड़ों से पत्थर गिरने के वजह से रामबन के मेहड में एनएच-44 पर ट्रैफिक रोका गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जब तक मंजूरी न दी जाए, आगे न बढ़ें।

बता दें कि इससे पहले मंगलवार दोपहर को पवित्र अमरनाथ गुफा के आसपास पहाड़ों पर भारी बारिश हुई। इससे अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। कई जगहों पर पहाड़ों से पानी तेजी से नीचे आने लगा। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत यात्रियों को अलर्ट करके वहां से निकाला और पंजतरणी कैंप में पहुंचाया। अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि करीब 4 हजार यात्रियों को इस दौरान वहां से निकाला गया।