Breaking News

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या, भगवंत मान सरकार ने कल ही हटाई थी पुलिस सुरक्षा

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को मानसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में गायक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। यह घटना पंजाब पुलिस द्वारा सिद्धू मूसेवाला सहित 424 लोगों की सुरक्षा वापस लेने के ठीक एक दिन बाद हुई है।

जानकारी के अनुसार, पंजाब गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला को मानसा गांव में कुछ बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल भर्ती किया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब सरकार पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि, एक दिन पहले ही भगवंत मान सरकार ने मूसेवाला समेत 424 लोगों की पुलिस सुरक्षा वापस ले ली थी।

सिद्धू मूसेवाला ने पंजाब विधानसभा का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर मानसा से लड़ा था और उन्हें आप उम्मीदवार विजय सिंगला ने 63,000 मतों के भारी अंतर से हराया था। विजय सिंगला को हाल ही में पंजाब के सीएम भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के आरोप में बर्खास्त कर दिया था।

पिछले महीने, सिद्धू मूसेवाला ने अपने नवीनतम गीत ‘बलि का बकरा’ में आम आदमी पार्टी और उसके समर्थकों को निशाना बनाने के बाद एक विवाद खड़ा कर दिया था। गायक ने कथित तौर पर अपने गाने में आप समर्थकों को ‘गद्दार’ (देशद्रोही) कहा था।