Breaking News

दिल्ली के अपार्टमेंट में मिली महिला की लाश, लिव-इन पार्टनर फरार

नई दिल्ली के मंगोलपुर कलां गांव में 36 साल की एक विवाहिता का शव उसके किराए के अपार्टमेंट में मिला है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, महिला का लिव इन पार्टनर फरार है और उसके पकड़े जाने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। बताया गया कि संदिग्ध लिव इन पार्टनर को पकड़ने के लिए टीमों का गठन किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि 30 दिसंबर, 2022 को पुलिस स्टेशन दक्षिण रोहिणी में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि दिल्ली के मंगोलपुर कलां गांव में एक घर की दूसरी मंजिल पर एक महिला का शव मिला है।

आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज

दिल्ली पुलिस ने कहा कि घटनास्थल से उन्हें एक महिला का शव मिला। पुलिस ने कहा कि उन्होंने दक्षिण रोहिणी पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 के तहत FIR दर्ज की है।

पुलिस ने मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के ग्राम पुरा हरलाल निवासी प्रदीप सिंह की पत्नी पूनम देवी (36) के रूप में की है। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पूनम करीब 10 दिन पहले उत्तर प्रदेश के करकोली निवासी संजय के यहां किराए पर रहने आई थी।

मृतका के शरीर पर चोट के निशान नहीं

मकान मालिक ने बताया कि उसने पूनम और संजय दोनों को आखिरी बार 29 दिसंबर की शाम साढ़े छह बजे देखा था। पूनम का घर आंशिक रूप से खुला था। उसने देखा कि पूनम के शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मृतका के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं थे। पुलिस ने बताया कि महिला के शव को बीएसए अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। उसके लिव-इन पार्टनर संजय से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उसका फोन बंद था।

महिला तीन बच्चों की थी मां

पुलिस ने बताया कि दिल्ली के शाहदरा निवासी मृत महिला के पति प्रदीप सिंह से संपर्क किया गया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2011 में पूनम से हुई थी और उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2022 को पूनम देवी अपने पति से मिलने पंजाब के जीरकपुर गई थी जो वहां किसी काम से गया हुआ था। पुलिस ने कहा, “वह अपने इलाज के लिए 26 नवंबर को जीरकपुर से दिल्ली आ गई। अगले दिन, उसके पति को पता चला कि पूनम का अफेयर किसी संजय के साथ है।

दिल्ली पुलिस ने कहा, “मुख्य संदिग्ध संजय को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस हत्या के सटीक कारण का पता लगाने के लिए सभी संभावित एंगल पर काम कर रही है। आगे की जांच जारी है।”