Breaking News

जब जया पहुंची मशहूर डॉन के मंदिर, अमिताभ बच्चन बुरी तरह हुए थे घायल

अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे बेमिसाल जोड़ियों में से एक मानी जाती है। 3 जून 1973 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए थे। जया और अमिताभ की लव स्टोरी बहुत दिलचस्प है। सिमी ग्रेवाल के चैट शो के दौरान अमिताभ ने अपनी और जया की पहली मुलाकात और लव स्टोरी के बारे में बताया था। बिग बी ने जया को पहली बार एक मैगजीन के कवर पेज पर देखा था। मैगजीन पर जया को देखते ही अमिताभ काफी इंप्रेस हुए थे। अमिताभ ने बताया कि वो हमेशा से ऐसी लड़की चाहते थे जो अंदर से ट्रेडिशनल और बाहर से मॉडर्न हो। जया बिल्कुल वैसी ही थीं। इसी वजह से अमिताभ मन ही मन जया को पसंद करने लगे थे। इसके काफी समय बाद ऋषिकेश मुखर्जी फिल्म ‘गुड्डी’ की स्क्रिप्ट लेकर अमिताभ के पास आए। ‘गुड्डी’ के बाद दोनों ने फिल्म ‘एक नजर’ में साथ काम किया। इस फिल्म के साथ ही दोनों की प्रेम कहानी शुरू हो चुकी थी। इसके बाद 3 जून 1973 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए। इस शादी में अमिताभ और जया के कुछ रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए थे। शादी बहुत ही सादगी भरे अंदाज में हुई थी। आज उनकी शादी की सालगिरह पर हम आपको उनसे जुड़ें कुछ किस्से बताएंगे..

यह किस्सा फिल्म कुली से जुड़ा है। आज इस फिल्म को रिलीज हुई 39 साल हो चुके हैं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, कादर खान, वहीदा रहमान, पुनीत इस्सर और ऋषि कपूर मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म के एक सीन को फिल्माने के दौरान अमिताभ बच्चन पुनीत इस्सर द्वारा गलती से बुरी तरह से घायल हो गए थे। अमिताभ के पेट और आंत में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद बिग बी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस दौरान उनका लगभग आठ घंटों तक ऑपरेशन चला और फिर बहुत लंबा इलाज चला था। अमिताभ बच्चन की हालत इतनी नाजुक हो गई थी कि देशभर में मौजूद उनके हजारों फैंस सलामती की दुआ मांगने लगे थे। वहीं अमिताभ बच्चन के लिए उनकी पत्नी और अभिनेत्री जया बच्चन खुद सिद्धि विनायक मंदिर गई थीं।

खबरों की मानें तो पति की सलामती के लिए जया बच्चन मुंबई के ताकतवर और मशहूर डॉन में से एक वरदा राजन के मंदिर में भी गई थीं। ताकि जल्द अमिताभ बच्चन की तबीयत में सुधार हो सके। मशहूर लेखक एस हुसैन जैदी की किताब ‘डोंगरी से दुबई तक: मुंबई माफिया के छह दशक’ के अनुसार धार्मिक व्यक्ति होने के कारण डॉन वरदा राजन माटुंगा स्टेशन के बाहर गणेश पांडाल पर अनगिनत पैसे खर्च करता था। किताब के अनुसार वरदा राजन के कद के साथ पंडाल का आकार और चमक- दमक भी बढ़ती गई। इसी दौरान बहुत सी बड़ी हस्तियां पंडाल में दुआ मांगने के लिए आने लगी थीं। जिसके बाद ऐसी अफवाह उड़ी थी कि जया बच्चन ने भी इसी पंडाल में तब अमिताभ बच्चन की जिंदगी की दुआ मांगी थी।