Breaking News

गांधी जयंती 2020: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गांधी जयंती के मौके पर आज शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भावपूर्ण स्मरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने देहरादून के गांधी पार्क में बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती के मौके पर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। गांधी जी ने सत्याग्रह, अहिंसा और शांति का रास्ता अख्तियार कर अंग्रेजी शासन से देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

संयुक्त राष्ट्र वर्ष 2007 से गांधी जी की जयंती को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मना रहा है। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के बारे में कहा कि उन्होंने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा देकर राष्ट्र को संकट की घड़ी में स्वाभिमान और एकजुटता के साथ मजबूती से खड़े होने का रास्ता दिखाया। उन्होंने राष्ट्र को एक उत्तम नेतृत्व प्रदान किया।