Breaking News

केंद्र सरकार में मंत्री बनेंगे गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया, निमंत्रण मिलने पर जिले में जश्न का माहौल

गोंडा संसदीय सीट से जीत की हैट्रिक लगाने वाले सांसद कीर्ति वर्धन सिंह को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जाएगा। आज शाम को होने वाले एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें मंत्री बनने का न्योता भेजा गया है। वर्ष 2009 के बाद यह पहली बार होगा जब केंद्र सरकार में देवीपाटन मंडल को भागीदारी मिलेगी। कीर्तिवर्धन सिंह को मंत्री बनाए जाने का निमंत्रण मिलने के बाद जिले में जश्न का माहौल है।

कीर्तिवर्धन सिंह को प्रधानमंत्री मोदी का करीबी माना जाता है। वर्ष 2014 तथा वर्ष 2019 के बाद वह इस बार भी जीत दर्ज करने में सफल रहे। उन्होने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की श्रेया वर्मा को करीब 47 हजार मतों से पराजित कर जीत की हैट्रिक लगाई है। भारत सरकार के मंत्रिमंडल सचिव राजीव गौबा की तरफ से कीर्ति वर्धन सिंह को मंत्री बनने का निमंत्रण पत्र भेजा गया है। एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल में उन्हे राज्यमंत्री पद पर शपथ लेने क लिए बुलाया गया है। सांसद कीर्तिवर्धन सिंह को मंत्री बनाए जाने का निमंत्रण मिलने के बाद जिले में जश्न का माहौल है। इसके पहले वर्ष 2009 में यूपीए सरकार में गोंडा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने वाले स्व बेनी प्रसाद वर्मा को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली थी। मनमोहन सरकार में उन्हे केंद्रीय इस्पात मंत्री बनाया गया था। हालांकि वर्ष 2014 और 2019 में मोदी सरकार की प्रचंड जीत में अहम भूमिका निभाने वाले देवीपाटन मंडल की झोली खाली रह गयी थी।