Breaking News

CM योगी ने अखिलेश-शिवपाल को लेकर दिया बड़ा बयान, कांग्रेस और बसपा पर कसा तंज

भारतीय जनता पार्टी ने ‘सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन’ आयोजित किया गया जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के लिए उनका खानदान ही परिवार था। पहले दो तीन जिलों में ही बिजली आती थी। उन्होंने आगे कहा कि जिन्होंने राजनीतिक फायदे के लिए समाज को बांटा उनको समाज ने इतिहास के गर्त में धकेल दिया है।

सीएम योगी ने आगे कहा कि कल हम कुशीनगर में थे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेढ़ लाख से ज्यादा की भीड़ को संबोधित किया, सभी में उत्साह था। मगर पहले एक परिवार में उत्साह होता था कि किसको कितना लूट ले रहे है। वहीं इससे पहले बिजली 1-2 जिलों के लिए बंधक बना दी गयी थी। लेकिन आज सबको बिजली मिल गयी। उन्होंने आगे कहा कि प्रधनमंत्री मोदी के लिए 130 करोड़ जनता परिवार है और हमारे लिए 24 करोड़ जनता परिवार है। मगर समाजवादी पार्टी के लिए अपना परिवार था।

मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि मोदी राज में कोई खुद को उपेक्षित महसूस न करे। मोदी है तो सब मुमकिन है में विश्वास रखें। पहले चीन, पाकिस्तान घुसपैठ करता था तो सरकारें कहती थी कि कुछ मत कहो सबंध खराब हो जाएंगे। वो संबंधों के लिए देश को दांव पर लगा देते थे। मगर आज ऐसे में सर्जिकल स्ट्राइक से जवाब दिया जाता है।

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा, कांग्रेस, बसपा किसी की सरकार रही गरीब को परेशान, आम आदमी को परेशान किया जाता था। गुंडे माफियाओं से संपत्ति पर कब्जा करवाया जाता था। प्रशासन को उनके सामने गिरवी दिया जाता था। दुर्भाग्य से कांग्रेस के वक्त महामारी आती तो भाई बहन इटली भाग गए होते। उन्होंने आगे कहा कि सपा के वक्त आयी होती तो चाचा-भतीजे (अखिलेश यादव-शिवपाल यादव) में होड़ लग गयी होती कौन कितना अधिक हड़प ले। यहां तक किस माफियाओं को ठेका दिलवा दे। बहनजी के वक्त तो भगवान ही मालिक होता।