Breaking News

Bihar Election: ये 5 बिहारी इस बार पड़ेंगे सब पर भारी..बड़े-बड़े सियासी सूरमाओं की बत्ती गुल

अपने मुहाने पर दस्तक दे चुके बिहार विधानसभा चुनाव पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। दिल की धड़कनें तेज हैं। कयासों का सिलसिला जारी है। उम्मीदों की बयार बह रही है, लेकिन इंतजार अब 28 अक्टूबर का है, जब बिहार में बजेगा चुनावी नगाड़ा। कोरोना काल में यह देश का पहला विधानसभा चुनाव है। तीन चरणों में यह चुनाव होने जा रहा है। 28 अक्टूबर…3 नवंबर.. 7 नवंबर.. इस तरह से कुल तीन चरणों में विधानसभा के चुनाव संपन्न होने जा रहे हैं। उधर, 10 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा होने जा रही है, और अब चुनाव प्रचार का सिलसिला भी शुरू हो चला है, लेकिन इससे पहले कुछ ऐसे युवा बिहारी चेहरे चर्चा में आ गए हैं, जो इस समय खासा सुर्खियां बटोर रहे हैं।

यह जानकर आपको हैरानी जरूर होगी कि इस मर्तबा बिहार विधानसभा चुनाव में कई युवा चेहरे तो ऐसे हैं, जो लंदन से अपनी सियासी किस्मत यहां आजमाने आए हैं, तो कई ऐसे हैं, जो शुद्ध व खांटी बिहारी हैं। बिहार चुनाव में इन युवाओं का जलवा अपने शबाब पर है। हर तरफ यह चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं, तो चलिए अब यह जानने की कोशिश करते हैं कि कहां-कहां पर कौन सा युवा बिहारी चेहरा ताल ठोंकने जा रहा है।

तेजस्वी यादव : इस मर्तबा बिहार चुनाव में हमेशा से आकर्षण का केंद्र रहे लालू प्रसाद यादव का बिहार के सियासी गलियारों से यूं ओझल होना सबको अखर रहा है। उनकी गैर-मौजूदगी में उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव बिहार चुनाव की कमान संभाल रहे हैं। उनके कंधों पर पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी है।

तेजप्रताप यादव :  हमेशा से अपने बयानों को लेकर चर्चा का पात्र रहे तेजप्रताप यादव इस बार विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। इसके साथ ही इनके कंधों पर पार्टी की जिम्मेदारी भी हैं। मालूम हो कि पिछले मर्तबा भी ये चुनाव में जीत दर्ज  करने में कामयाब हुए थे। उस वक्त इन्हें स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था।

ऐश्वर्या राय : तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के तलाक का मसला अभी कोर्ट में विचाराधीन है।  तब से दोनों ही परिवारों के बीच रार शुरू हो चली है। इस बार वे भी बिहार चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने जा रहीं हैं। बताया जा रहा है कि इस बार के चुनाव में वे अपने पति के खिलाफ ताल ठोंक सकतीं हैं।

चिराग पासवान:  इस बार बिहार चुनाव में चिराग पासवान चर्चा के साथ आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। माना जा रहा है कि वे इस बार एनडीए के खिलाफ सीट शेयरिंग पर अपना कड़ा रूख दिखा सकते हैं।

पुष्पम प्रिया चौधरी :  यह वो नाम है.. जो बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान खासा चर्चा में बना हुआ है। यह आजकल काफी सुर्खियां बटोर रहीं हैं। इन्होंने खुद को  अपने आपको सीएम उम्मीदवार बताकर नीतीश कुमार के खिलाफ ताल ठोंक रखीं हैं। अब ऐसी स्थिति में यह युवा कहां तक अपना जलवा दिखा पाते हैं। यह तो  फिलहाल आने वाला वक्त ही बताएगा।