Breaking News

श्री बद्रीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को श्री बद्रीनाथ धाम का प्रसाद किया भेंट

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को सचिवालय में बद्रीनाथ धाम से जुड़े श्री बद्रीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के प्रतिनिधियों ने भेंट की और उन्हें देवस्थानम बोर्ड से सम्बंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को श्री बद्रीनाथ धाम का प्रसाद भेंट किया। मुख्यमंत्री जी ने प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों को अंग वस्त्र भेंट किए।


मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मंडल के समक्ष देवस्थानम बोर्ड के सम्बन्ध में गठित उच्च स्तरीय समिति के अध्यक्ष श्री मनोहर कांत ध्यानी से भी वार्ता की और चार धाम पुरोहित पुजारियों की भावनाओं से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र से भी इस विषय में संवाद कर रही है। हमारी सरकार जन भावनाओं का सम्मान करने वाली सरकार है। तीर्थों के पंडा, पुरोहित और पुजारियों के मान सम्मान को कोई ठेस नहीं पहुंचाई जायेगी। हम सकारात्मक, धनात्मक और विकासात्मक दृष्टिकोण से चारधाम, पंडा, पुरोहित और पुजारी समाज के सम्मान तथा धार्मिक आस्था की गरिमा के सम्मान के लिए तत्पर हैं।