Breaking News

श्रीलंकाई नौसेना ने 55 भारतीय मछुआरे पकड़े, नौकाएं भी की जब्त, तमिलनाडु में प्रदर्शन शुरू

श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी के विरोध में, विभिन्न मछुआरा संघों के नेताओं के नेतृत्व में 200 से अधिक मछुआरों ने सोमवार को यहां प्रदर्शन किया। उन्होंने मछुआरों की शीघ्र रिहाई के लिए दबाव बनाया। श्रीलंकाई नौसेना ने 12 और भारतीय मछुआरे सोमवार को पकड़े, जिसके बाद दो दिन में उसने कुल 55 मछुआरों को गिरफ्तार कर दो नौकाएं भी जब्त कर लीं।

श्रीलंकाई अधिकारियों ने मछुआरों समेत उनकी नौकाएं भी जब्त कीं
ये गिरफ्तारियां रविवार को श्रीलंकाई समुद्री क्षेत्र में मन्नार के दक्षिण में की गईं। इससे एक दिन पहले श्रीलंकाई नौसेना ने जाफना में डेल्फ्ट द्वीप के दक्षिणपूर्व समुद्री क्षेत्र में 43 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था और उनकी मछली पकड़ने की छह नौकाओं को जब्त कर लिया गया था।

गिरफ्तारियों को लेकर रविवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे रामेश्वरम के मछुआरों ने मांग की है कि श्रीलंकाई अधिकारी सभी गिरफ्तार मछुआरों को उनकी नौकाओं समेत तत्काल रिहा करें। एक मछुआरा संघ के नेता पी. सेसु राजा ने कहा कि घटना के विरोध में वे बुधवार को यहां एक दिनी भूख हड़ताल भी करेंगे। यदि फिर भी उन्हें रिहा नहीं किया गया तो एक जनवरी को रेल रोको आंदोलन शुरू किया जाएगा।