Breaking News

लुधियाना गैस लीक मामला: अब तक 2 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत- NDRF ने संभाला मोर्चा

लुधियाना के ग्यासपुरा क्षेत्र में आज सुबह एक फैक्टरी से गैस रिसाव होने से अब तक 2 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 11 से अधिक लोग बेसुध हैं। हादसा शहर के ग्यासपुरा इंडस्ट्रियल एरिया के नजदीक एक इमारत में सुबह 7:15 बजे हुआ। मरने वालों में 5 महिलाएं, छह पुरुष और 10 व 13 साल के दो बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद मेडिकल, फायर ब्रिगेड, पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। बीमार हुए लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया है।

रिहायशी इलाके में बनी इस बिल्डिंग के 300 मीटर के दायरे कई लोग बेहोशी की हालत में मिले हैं। आसपास के घरों और ढाबों के लोग भी बेहोश हुए हैं। प्रशासन ने ड्रोन की मदद से आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मनदीप सिद्धू ने बताया कि घटना वाली इमारत से सभी लोगों को निकाला जा चुका है।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और फायर ब्रिगेड के मुताबिक बिल्डिंग से गैस रिसाव कैसे हुआ। गैस कौन सी थी, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि अमोनिया गैस ही लीक हुई है। जहां से गैस लीक हुई, उस दुकान का संचालक बेसुध है।

घटना की सूचना पर क्षेत्र की विधायक रजिंदर कौर छीना भी मौके पर पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि गैस लीक प्रकरण मामले की जांच होगी। फिलहाल लोगों की जान बचाने के लिए काम किया जा रहा है। पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, उनका फोकस लोगों को बाहर निकालने पर है। हर घर की जांच की जा रही है।

वहीं सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख जताया है। सीएम ने ट्वीट किया-लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में फैक्टरी से गैस रिसाव की घटना बेहद दुखद है..पुलिस, सरकार और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है..हर संभव मदद की जा रही है।