Breaking News

लखनऊ-गोरखपुर सहित यूपी के इन जिलों में होगी जमकर बारिश, गर्मी से मिलेगी राहत

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चली आ रही गर्मी (Heat) और उमस से आज राहत मिलने की संभावना है। लखनऊ के साथ उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों को गुरुवार को बारिश (Rain) हो सकती है। मौसम विभाग अनुमान के अनुसार, दोपहर तक पूर्वांचल से लेकर बुंदेलखंड तक के कई जिलों में हवा के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जिन जिलों में बारिश की संभावना है वहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की भी संभावना है।

इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को लेकर के मौसम विभाग ने लोगों को आगाह किया है। जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है वे लखनऊ, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, सुल्तानपुर, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, हमीरपुर, फतेहपुर और बांदा हैं।

उत्तर प्रदेश में पिछले 10 दिनों से मौसम का मिजाज बदला है। बादलों की आवाजाही तो लगी है, मगर बारिश नहीं हो रही है। ऐसे में गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में अब मानसून जोर पकड़ सकता है। ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है।

पिछले 24 घंटे में हुई बारिश का रिकॉर्ड देखें तो काफी निराशाजनक है। उरई को छोड़कर प्रदेश में बाकी कहीं बारिश नहीं हुई है। वैसे तो पूर्वांचल और पश्चिम के जिलों में उमस नहीं हो रही है, मगर बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र के जिले में उमस ओर गर्मी बहुत है। यहां कई जिलों में पिछले एक सप्ताह से दिन का अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। वहीं आगरा में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.2, तो झांसी में 42.9 डिग्री सेल्सियस था तो अलीगढ़ में 42 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया।