Breaking News

मुर्शिदाबाद में मंत्री पर बम से हमला, कोलकाता में BJP-TMC के कार्यकर्ता भिड़े

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में निमटीटा रेलवे स्टेशन पर अज्ञात हमलावरों द्वारा बम से किए गए हमले में राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंत्री के साथ मौजूद कम से कम दो और लोग भी इस हमले में घायल हुए हैं।

 

पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्रम राज्य मंत्री हुसैन स्टेशन के 2 नंबर प्लेटफॉर्म पर रात करीब 10 बजे कोलकाता जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ। उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुरा से विधायक और दो अन्य लोगों को जंगीपुरा उप संभागीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें कोलकाता रेफर कर दिया गया। पश्चिम बंगाल में इस साल अप्रैल-मई में चुनाव होने वाले हैं। मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक अमिय कुमार बेरा ने बताया कि जाकिर हुसैन की हालत स्थिर हैं और अब वे खतरे से बाहर हैं। उनके एक हाथ और एक पैर में चोटें आई है।

वहीं रेल मंत्री पीयूष गोयल ने हमले की निंदा की है। पीयूष गोयल ने कहा कि ‘मैं पश्चिम बंगाल के निमटीटा रेलवे स्टेशन पर हुए नृशंस बम हमले की निंदा करता हूं। इस हमले में जो घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए मैं प्रार्थना करता हूं।’

तृणमूल के नेता एवं वरिष्ठ मंत्री मलय घटक ने इस हमले के लिए पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि तृणमूल से निष्कासित किए गए एवं मुर्शिदाबाद जिला परिषद के सभाधिपति मुशर्रफ हुसैन ने दावा किया कि यह पार्टी के बीच आंतरिक कलह का नतीजा है। पश्चिम बंगाल में इस साल अप्रैल-मई में चुनाव होने वाले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव पूर्ण माहौल बना हुआ है।

 

इसी बीच भाजपा और TMC के कार्यकर्ताओं के आपस में भिड़ जाने की खबर भी आ रही है। भाजपा नेता फूलबागान एरिया में डिप्टी कमिश्नर के कार्यालय की तरफ एक मामले की जानकारी लेने के लिए मार्च कर रहे थे। तभी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच दोनों पक्षों में बहसबाजी हुई जिसका परिणाम ये हुआ कि दोनों गुट एक दूसरे पर टूट पड़े। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर ईंट और पत्थर बरसाए, दोनों ही पक्षों को चोट पहुंची है। भाजपा के डेलीगेशन में TMC के बागी नेता (जिन्होंने बीते दिनों ही भाजपा ज्वाइन की है) सुवेंदु अधिकारी भी शामिल थे लेकिन सीधे तौर पर उन पर हमला नहीं हुआ है।

वहीं एक अन्य हमले में उत्तरी कोलकाता के भाजपा जिलाध्यक्ष शिबाजी सिंह रॉय भी घायल हो गए हैं। शिबाजी, सुभेंदू अधिकारी और शंकुदेब पांडा समेत अन्य भाजपा नेताओं के साथ जा रहे थे उसी वक्त कथित तौर पर फूल बागान में कुछ व्यक्तियों द्वारा उनपर हमला किया गया। उन्हें पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।