Breaking News

मिशन ऑक्सीजन को 1 करोड़ रुपए डोनेट किया, IPL टीम दिल्ली कैपिटल्स ने दो NGO को दिए 1.5 करोड़ रुपए

 कोरोना से जूझ रहे देशवासियों की मदद के लिए अब भारतीय क्रिकेटर और IPL टीमों का सामने आना शुरू हो गया है। दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने संकट के इस दौर में मिशन ऑक्सीजन नाम की संस्था को 1 करोड़ रुपए डोनेट किए हैं। यह संस्था अस्पतालों को ऑक्सीजन कंसनट्रेटर मुहैया कराती है। दूसरी ओर IPL फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स ने दिल्ली-एनसीआर के दो एनजीओ को 1.5 करोड़ रुपए डोनेट करने का फैसला किया है।

मिशन ऑक्सीजन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

मिशन ऑक्सीजन ने सोशल मीडिया पर बताया कि उसे सचिन तेंदुलकर से 1 करोड़ रुपए का डोनेशन मिला है। यह संस्था 250 से ज्यादा युवा उद्यमियों से मिलकर बनी है। यह विदेश से ऑक्सीजन कंसनट्रेटर आयात कर अस्पतालों को मुहैया करा रही है। सचिन ने भी इस संस्था के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी दी है। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स ने दिल्ली एनसीआर के एनजीओ हेमकुंत फाउंडेशन और उदय फाउंडेशन को 1.5 करोड़ रुपए का डोनेशन दिया है। ये संस्थाएं ऑक्सीजन सिलेंडर से लेकर कोरोना के इलाज में काम आने वाले अन्य मेडिकल उपकरण मुहैया कराने के काम में जुटी हैं।

ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ियों ने की थी शुरुआत

क्रिकेट खिलाड़ियों में भारतवासियों की मदद की पहल ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने की थी। उन्होंने 50 हजार डॉलर (करीब 37 लाख रुपए) पीएम केयर्स फंड में डोनेट किया। इसके बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने 1 बिट कॉइन (करीब 41 लाख रुपए) का डोनेशन दिया था। उसके बाद से ही भारतीय सितारों की आलोचना हो रही थी कि वे मदद के लिए आगे क्यों नहीं आ रहे हैं।