Breaking News

मंदसौरः तेज रफ्तार कार की ट्रक से भिड़ंत, तीन लोगों की मौत, चार घायल

मंदसौर। जिले के दलौदा थाना क्षेत्र (Dalauda police station area) में महू-नीमच फोरलेन मार्ग (Mhow-Neemuch four lane road) पर ग्राम आक्या के निकट गुरुवार की शाम को एक तेज रफ्तार कार की सामने जा रहे ट्रक से भिड़ंत (high speed car collided with truck) हो गई। इस हादसे में कार में सवार एक पांच वर्षीय मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायल चारों महिलाएं हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल से दो को गंभीर हालत में बाहर रैफर किया गया है।

दलौदा थाना प्रभारी संजीवसिंह परिहार ने बताया कि मनासा क्षेत्र के ग्राम बर्डिया के कुछ लोग रतलाम जिले के हनुमंतिया गए थे। वहां से गुरुवार को कार एमपी-44 सीए-2499 से वापस अपने गांव बर्डिया लौट रहे थे। शाम करीब 6.00 बजे कार महू-नीमच फोरलेन पर दलौदा आक्या के समीप ही पहुंची थी, इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

उन्होंने बताया कि कार में पांच महिलाएं, एक युवक और एक पांच वर्षीय बालक सवार था। सभी को कार से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने 22 वर्षीय नितेश श्याम डाबर निवासी बर्डिया मनासा, 30 वर्षीय पूजा प्रहलाद बांछड़ा निवासी बरमपुरा हालमुकाम बर्डिया एवं पांच वर्षीय अयान नवीन डाबर निवासी बर्डिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं 40 वर्षीय मुन्नी मुकेश डाबर निवासी बर्डिया मनामा, 45 वर्षीय उमा पंकज डाबर निवासी बर्डिया मनासा, 28 वर्षीय काजल प्रकाश बांछड़ा निवासी बड़ीआंत्री एवं 35 वर्षीय वंदना अशोक बांछड़ा निवासी बर्डिया मनासा घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलने पर एएसपी गौतम सोलंकी एवं एसडीओपी नरेन्द्र सोलंकी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।