Breaking News

भारत में नहीं थम रहा है रेप का मामला, नाबालिग से सात लोगों ने की दरिंदगी, पिता ने निगला जहर

एक तरफ जहां पूरे देश में हाथरस कांड  की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में एक नाबालिग से 7 लोगों ने दरिंदगी की। घटना से बुरी तरह आहत लड़की ने इसके बाद आत्महत्या कर ली। यह घटना जुलाई माह की है। जानकारी के मुताबिक सामूहिक दुष्कर्म की यह घटना छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में हुई थी। आरोप के मुताबिक जुलाई को जब लड़की पड़ोस के गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी में गई थी, तब 7 लोगों ने जंगल में दुष्कर्म किया। इस घटना से आहत लड़की ने आत्महत्या कर ली।

जानकारी के मुताबिक 2 माह चक्कर लगाने के बाद भी इस घटना की एफआईआर दर्ज नहीं की गई। जब दुखी पिता ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की तब कहीं जाकर पुलिस ने नींद खुली और इस मामले की ‍एफआईआर दर्ज की गई। बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि लड़की अपने रिश्तेदार के घर शादी में गई थी। इसी दौरान नशे में धुत लोगों ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपियों ने ‍पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

परिवार द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के अनुसार, 19 जुलाई को 17 वर्षीय पीड़िता अपने परिवार के साथ पास के कानागांव में हो रही एक शादी समारोह में गई हुई थी। रात में तकरीबन 11 बजे कानागांव के दो युवक युवती को अपने साथ नजदीक के जंगल ले गए और वहां पर अन्य पांच युवकों के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस अधिकारी ने कहा, ”अगली सुबह पीड़िता बिना किसी को बताए घर लौटी और फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। उन्होंने आगे कहा कि परिवार को दुष्कर्म की घटना की जानकारी नहीं थी और उन्होंने युवती की लाश गांव के बाहरी इलाके में दफना दी। पुलिस ने मामले के सामने आने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए शव को बाहर निकाल लिया है। पीड़ित लड़की ने 20 जुलाई को आत्महत्या कर ली थी। राष्ट्रीय बाल अधिकार सुरक्षा कमीशन ने भी 10 दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है।