Breaking News

भारत में कोरोना मामलों ने तोड़ा विश्व रिकॉर्ड, 24 घंटे में आए 3.16 लाख मामले, जानें कितनी हुईं मौतें

देश में कोरोना (Cornavirus in India) का कहर लगातार बढ़ ही रहा है और नए मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। इस बीच देश में कोविड-19 (Covid-19) के नए मामलों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और लगभग 3.16 लाख नए केस सामने आए हैं, जो महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक पूरी दुनिया के किसी भी देश में सबसे अधिक संख्या है। वर्ल्डोमीटर के अनुसार, पिछले 24 घंटे में देश में 3 लाख 15 हजार 925 लोग कोरोना (Coronavirus) से ग्रसित हुए है, जबकि इस बीच 2102 लोगों की मौत हो गई। साथ में देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1.59 करोड़ से अधिक हो गई है, जबकि 1.84 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही भारत में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़कर 22.9 लाख से अधिक हो गई है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, देश में कोरोना के नए केस पहली बार 3 लाख के आंकड़े को पार करते हुए अमेरिका के दैनिक मामलों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। वहीं इससे पहले 8 जनवरी को अमेरिका में सबसे अधिक 3 लाख 7 हजार 581 नए केस दर्ज किए गए थे।

भारत में 24 घंटों के दौरान सबसे ज्यादा 568 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। महाराष्ट्र के बाद राजधानी दिल्ली में 249, छत्तीसगढ़ में 193, उत्तर प्रदेश में 187, गुजरात 125, कर्नाटक में 116, पंजाब में 69 और मध्य प्रदेश में 75 लोगों की जान कोरोना से गई है। इन आठ राज्यों में कुल 1556 मौतें हुईं जो कुल 2101 मौतों का 75.2 प्रतिशत है।

देश में अमेरिका से अधिक तेजी से नए मामलों की संख्या बढ़ी है और 1 लाख दैनिक मामलों से 3 लाख तक पहुंचने में केवल 17 दिन का वक्त लगा है। इस बीच दैनिक मामलों में प्रतिदिन 6.76 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं अमेरिका में 1 लाख से 3 लाख दैनिक केस आने में 67 दिनों का वक्त लगा था और इस दौरान मामलों में प्रतिदिन बढ़ोतरी दर 1.58 प्रतिशत थी।