Breaking News

भाजपा नेता की पार्टी में जा रहा था हिस्ट्रीशीटर, पुलिस के कब्जे में आये बदमाश को जबरिया छुड़ा ले गये साथी

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बार फिर हिस्ट्रीशीटर पुलिस वालों पर भारी पड़ गया। किदवईनगर स्थित एक गेस्ट हाउस भाजपा नेता के जन्मदिन पार्टी में 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर शामिल होने आया था। हिस्ट्रीशीटर के आने की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गयी। हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने को लेकर मौके पर बवाल हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर को जीप में बैठाया, उसी दौरान मौके पर मौजूद भीड़ पुलिस से ही भिड़ गई। लगभग 100-150 लोगों की भीड़ ने हिस्ट्रीशीटर को पुलिस जीप से उतार लिया। इस दौरान कुछ लोग जीप के आगे लेट गए और हिस्ट्रीशीटर को छुड़ाने में कामयाब रहे। उस्मानपुरचैकी प्रभारी ने हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह समेत 9 नामजद तथा 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ज्ञात हो कि भाजपा दक्षिण कमेटी के एक पदाधिकारी ने किदवई नगर वाई ब्लाक स्थित एक गेस्ट हाउस में जन्मदिन पार्टी रखी थी। पार्टी में करीब 100-150 लोग शामिल थे। बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर 25 हजार का इनामी बर्रा आठ निवासी मनोज सिंह भी पहुंचा था। वह गेस्ट हाउस में जाने के बजाय 100 मीटर दूर एक पान की गुमटी पर खड़ा था। अपराधी के आने की सूचना नौबस्ता थाने की उस्मानपुर चैकी इंचार्ज फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये।

पुलिस बल ने अपराधी को पकड़कर जीप में बैठा लिया। इसी दौरान आरोपित के साथियों ने पुलिस को घेर लिया और पुलिस से धक्का-मुक्की करने लगे। मनोज सिंह को जीप से जबरन उतार लिया। अपराधी को छुड़ाने आए लोग अपनी मंसूबों में कामयाब रहे और पुलिस के देखते-देखते मनोज सिंह को मुक्त करा ले गये। बर्रा पुलिस ने इस घटना के बाद धारा 147(बलवा), 353 (लोकसेवक को भय दिखाकर बाधा डालना), 332 (जानबूझकर लोकसेवक को चोट पहुंचाना), 224 (आरोपित द्वारा अवैध बाधा डालना), 188(पब्लिक सर्वेंट द्वारा जारी आदेश को न मानना), 269 (संक्रमित रोग फैलाना) में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बर्रा इंस्पेक्टर ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह रिटायर सिपाही का बेटा है। वह बर्रा थाने का टॉप-10 अपराधी है। उसके खिलाफ बर्रा सहित विभिन्न थानों में 27 मुकदमें हैं। हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह ने 21 मार्च को बर्रा आठ निवासी इंटर के छात्र रंजीत यादव को गोली मारकर घायल कर दिया था। मामले में बर्रा पुलिस ने हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की थी। पिछले महीने जरौली में एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चोरी करने में भी उसके खिलाफ रिपोर्ट हुई थी।

नौ के खिलाफ नामजद रिर्पोट
नौबस्ता इंस्पेक्टर सतीश सिंह के अनुसार उस्मानपुर चैकी इंचार्ज सुभाष चंद्र की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह, आदित्य दीक्षित, बर्रा विश्वबैंक निवासी नवनीत उर्फ धीरू शर्मा, बाबा ठाकुर, यशोदा नगर निवासी राज बल्लभ पांडेय, राबिन सक्सेना, गोपाल शरण सिंह चैहान, विकास तिवारी, रॉकी और 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।