Breaking News

बदलापुर एमआईडीसी इलाके की फैक्ट्री में गैस का रिसाव, लोगों की तबीयत बिगड़ी

महाराष्ट्र के बदलापुर एमआईडीसी (Badlapur MIDC) इलाके में केमिकल गैस का रिसाव होने की वजह से स्थानीय लोग बहुत मुश्किल से सांस ले पा रहे हैं। केवल यही नहीं कुछ लोगों को उल्टी और मिचली की भी शिकायत हो रही है। सूचना प्राप्त होते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और इलाके का मुआयना करने पहुंची। जानकारी के मुताबिक रिसाव MIDC क्षेत्र में नोबल इंटर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड में हुआ है।

बताया जा रहा है कंपनी एक रिएक्टर में कच्चे तेल के लिए दो रसायनों सल्फ्यूरिक एसिड और बेंजीन डिहाइड्रेट को मिलाती है। हालांकि जरूरी तापमान को कंट्रोल करने में गलती की वजह से रिएक्टर से हवा का रिसाव हो गया। मिली जानकारी के अनुसार यह गैस जहरीली नहीं है मगर इसके रिसाव से सांस लेना मुश्किल हो गया है। इस गैस से त्वचा और आंखों को नुकसान पहुंच सकता है। बदलापुर दमकल अधिकारी भागवत सोनोन के अनुसार स्थिति कंट्रोल में है और लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

 

 

 

गैस रिसाव की खबर मिलते ही लोग काफी परेशान हो गए और हड़कंप मच गया। लोगों को पुलिस और फायर ब्रिगेड ने जब यह जानकारी दी कि गैस जहरीली नहीं है तब लोगों के अंदर का डर कम हुआ। जिसके बाद लोग अपने-अपने घरों को वापस लौटने लगे। जानकारी के अनुसार लगभग 3 किलोमीटर के दायरे में इस गैस के रिसाव का प्रभाव रहा। इस दौरान कई लोगों की तबीयत भी ख़राब हो गई। ठाणे नगर निगम ने कहा कि बदलापुर में गुरुवार रात तकरीबन 10:22 बजे एक फैक्ट्री से गैस रिसाव की सूचना प्राप्त हुई। क्षेत्र के लोगों को सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। फायर ब्रिगेड ने रिसाव को रोका तब जाकर स्थिति कंट्रोल में हुई है और इससे गैस से कोई हताहत नहीं हुआ है।