Breaking News

फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश

भारत के कई इलाकों में एक बार फिर मौसम (Weather ) करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार लगातार बढ़ रहे तापमान से एक बार फिर लोगों को राहत मिलने वाली है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग जगहों पर 22 से 23 मार्च तक भारी वर्षा और बर्फबारी का अनुमान है, जबकि मैदानी इलाकों में 21 से 24 मार्च तक बारिश होने की संभावना जताई है। अगले एक हफ्ते के दौरान भारत में लू चलने की कोई आशंका नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई है और 21-24 मार्च के दौरान उत्तर-पश्चिमी देश के निकटवर्ती मैदानी इलाकों में हल्की वर्षा होने का अनुमान है। जबकि 23-24 मार्च को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी वर्षा या बर्फबारी की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि मध्य प्रदेश, विदर्भ (महाराष्ट्र) और छत्तीसगढ़ में 21 मार्च तक 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

इन राज्यों में होगी बारिश
स्काइमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान, उत्तर भारत के राज्यों में जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर बारिश की गतिविधियां 20 मार्च से और अधिक बढ़ जाएंगी। उत्तराखंड और पंजाब के भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

उत्तर-पूर्व में बारिश
सिक्किम, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश की कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के कुछ इलाकों और केरल और तटीय कर्नाटक में बारिश हो सकती है।

झारखंड में येलो अलर्ट
झारखंड के कई जिलों में आज यानी 20 मार्च को कई जिलों में बादल गर्जने के साथ बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक 20 मार्च को झारखंड के कई जिलों में बादल के गर्जन के साथ बिजली भी गरज सकती है।