Breaking News

नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष ने शुभ मुहूर्त में पूजन कर संभाला पदभार

बाराबंकी। जिले में शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय पर सनातनी तरीके से हवन-पूजन कर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शशांक कुसुमेश ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लेकर अपना पदभार संभाला। पदभार संभालते ही उन्होंने एक परिपक्व नेता का परिचय देते हुए सभी पदाधिकारियों और प्रत्येक कार्यकर्ताओं के साथ सामंजस्य का परिचय दिया। साथ ही सामूहिक विचार विमर्श कर सभी के प्रति अपना विश्वास प्रकट किया।

बता दें कि शनिवार को भाजपा कार्यालय में नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक कुसुमेश ने विधि-विधान के साथ हवन-पूजन करके पार्टी को शिखर पर ले जाने का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी और प्रदेश में योगी सरकार की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जनपद स्तर पर कामयाबी के लिए जरुरी प्रयास करने की बात कही। उन्होंने संवाददाता को बताया कि उनकी ओर से पार्टी के सभी अभियानों का हाल जाना गया है।

शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशों का पालन और जिले के वरिष्ठ नेताओं का अनुभव लेते हुए भाजपा के वरिष्ठ और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ सामंजस्य रखते हुए आगामी एमएलसी और जिले कि सभी छह विधानसभा सीटों पर बड़ी जीत हासिल करके भाजपा को शक्तिशाली बनाने का काम करना प्राथमिकता में शामिल है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्त्ता जिलाध्यक्ष है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी को सम्मान देना मेरा प्रथम कर्तव्य है। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, किसान मोर्चा के पूर्व महामंत्री सुधीर सिंह सिद्धू, पूर्व जिला महामंत्री कपिलदेव कुसुमेश, अवधेश श्रीवास्तव सहित कई भाजपाई उपस्थित रहे।