Breaking News

दुल्हन के दरवाजे पर हुई फायरिंग, दूल्हे के दोस्त की मौत

झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू न्यू सचिवालय कॉलोनी में दुल्हन के घर के दरवाजे पर हुई फायरिंग में गोली लगने से दूल्हे के एक दोस्त की मौत हो गई। वहीं, गोली लगने से एक अन्य बाराती बाल-बाल बच गया। घटना सोमवार देर रात की है।

हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के बहिमर गांव से आई बारात के साथ जगदीश यादव नामक युवक अपने दोस्त वीरेंद्र राणा की शादी में आया था। मृतक के भाई दिनेश ने कहा कि गोली चलाने वाला शख्स बाराती नहीं था। वहीं, शादी की वीडियोग्राफी में पुलिस को बारातियों में शामिल एक युवक हाथ में पिस्टल लिए दिखा है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई। हजारीबाग में फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले जगदीश को चार गोलियां लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक जगदीश अपने दोस्त वीरेंद्र की शादी में बारातियों के साथ डोरंडा के हिनू स्थित न्यू सचिवालय कॉलोनी में मुकेश शर्मा के घर पहुंचा था। वीरेंद्र की शादी मुकेश की पुत्री के साथ हुई है। बारात में शामिल मृतक के भाई दिनेश ने बताया कि बारात जैसे ही कन्या के दरवाजे पर पहुंची, वहां मौजूद एक युवक ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। पिस्टल से निकली गोली उसके भाई को जा लगी। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के पिता चमारी यादव समेत अन्य लोग रिम्स पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रांची के सिटी एसपी अंशुमान कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पता चला है कि रात एक बजे बारातियों के नाचते समय हवाई फायरिंग की गई थी। इसी क्रम में पिस्टल से निकली गोली जगदीश के शरीर में जा धंसी। इसके बाद वह जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
सिटी एसपी ने बताया कि मौके से दो खोखे बरामद किये गये हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद बारातियों, दूल्हा और दुल्हन के परिजनों से पूछताछ की है। पुलिस ने बताया कि विवाह में हुई वीडियोग्राफी के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, वीडियोग्राफी में पुलिस को बारातियों में शामिल जिस युवक के हाथ में पिस्टल दिख रहा है, उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।