Breaking News

दिल्ली के CM केजरीवाल पर YOGI ने साधा निशाना तो आप नेता ने दिया ये जवाब

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासी दलों में वोटरों को लुभाने की तेजी आ गयी है। सभी सियासी दलों के प्रमुखों का अयोध्या दर्शन जारी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी दो दिवसीय दौरे पर अयोध्या में भगवान श्रीराम, हनुमान गढ़ी में दर्शन पूजन किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि यूपी में सरकार बनने पर सभी को फ्री में अयोध्या दर्शन के ऑफर भी दे दिये। अरविन्द केजरीवाल के अयोध्या दर्शन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इशारों में ही निशाना साधा। बीजेपी के पिछड़ा वर्ग सम्मलेन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि केजरीवाल से कोरोना काल में एक छोटा सा राज्य नहीं संभला और चुनावी मौसम में उन्हें राम की याद आई है। उन्होंने कहा कि अब सभी लोग राम दरबार में मत्था टेक रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में पिछड़ा वर्ग सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोरोना काल में दिल्ली में रह रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को भगाया गया। छोटी सी दिल्ली को संभाल नहीं पाये। अब जब चुनाव नजदीक है तो उन्हें राम याद आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों को चुनाव के साथ मंदिर याद आने लगते हैं। ये सपा-बसपा-कांग्रेस और अब एक दिल्ली वाले भी पहले भगवान श्री राम को गाली देते थे और अब माथा टेकने अयोध्या जा रहे हैं।

कल्याण सिंह के बहाने विपक्ष को घेरा

मुख्यमंत्री ने इशारों ही इशारों में केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनसे छोटी सी दिल्ली नहीं सम्भली, यूपी बिहार के लोगों को कोरोना संकट में भगाया। आज चुनाव के समय में भगवान राम याद आ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या इस प्रदेश में सपा, बसपा और कांग्रेस को शासन करने का मौका नहीं मिला था? क्या उनकी जिम्मेदारी प्रदेश के प्रति नहीं थी? एक दिल्ली वाले हैं जो आज कह रहे हैं कि आज ये फ्री देंगे वो फ्री देंगे। जब मौका मिला था तो यूपी-बिहार वालों को दिल्ली से भगा दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब अवसर मिला तो जिम्मेदारी नहीं मिली। पहले प्रभु श्रीराम को गाली देते थे। आज जब लग रहा है कि प्रभु श्रीराम के बिना नैया पार नहीं होगी तो मत्था टेकने आ रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छी बात है। राम के महत्व को अस्तित्व को कम से कम स्वीकार तो किया। अन्यथा विपक्षी दलों का कोई ऐसा नेता नहीं, जिसने स्वर्गीय बाबूजी (कल्याण सिंह) को कटघरे में खड़ा न किया हो।

संजय सिंह ने किया पलटवार

मुख्यमंत्री योगी के हमले के बाद आप के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने ट्वीट कर पलटवार किया। उन्होंने लिखा कि दिल्ली मतलब सबको मुफ्त दवाई, बेहतर शिक्षा, बेटियों की सुरक्षा, बुजुर्गों का सम्मान। आज मैंने एलान किया कि दिल्ली के लोगों को कल से अयोध्या तीर्थ यात्रा फ्री कराएँगे। फिर इसे उत्तर प्रदेश में भी लागू करेंगे। इस योजना से करोड़ों जनता प्रभु के दर्शन कर पाएगी। योगीजी, इसमें आपको आपत्ति क्यों?