Breaking News

दक्षिण भारत की मशहूर अभिनेत्री खुशबू भाजपा में शामिल

दक्षिण भारत की जानी मानी सिने अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने आज यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा के महासचिव सी टी रवि और तमिलनाडु प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एल. मुरुगन ने सुश्री खुश्बू सुंदर को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर उनका पार्टी में स्वागत किया। उनके साथ ही तमिलनाडु के जाने माने राजनीतिक पत्रकार मदन रविचंद्रन और भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी सर्वनन कुमारन ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में सुश्री खुशबू सुंदर ने कहा कि वह मानती है कि यह समय है जब देश को आगे ले जाना है। यह सौभाग्य की बात हैे कि हमारे पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कर्मठ नेतृत्व है और देशवासियों को विश्वास है कि श्री मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है और तरक्की की राह पर अग्रसर है।

उन्हाेंने कहा कि वह अब से पूरी तरह से भाजपा की समर्पित कार्यकर्ता हैं और पार्टी जो भी दायित्व सौंपेगी, उसे वह पूरी निष्ठा से पूरा करेंगी। उन्होंने अगले वर्ष तमिलनाडु में होने वाले चुनाव में भाजपा की जीत के लिए जीजान से परिश्रम करने की भी प्रतिज्ञा की। सुश्री खुशबू सुंदर सिने जगत का जाना पहचाना नाम है। उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ एवं मलयालम के अलावा हिन्दी एवं भोजपुरी की कुल 200 से अधिक फिल्मों में भी काम किया। वह 2010 में राजनीति में आयीं थीं और द्रविड़ मुनेत्र कषगम में शामिल हुईं थीं और वर्ष 2014 में कांग्रेस में गयीं जहां उन्हें प्रवक्ता बनाया गया था। अब वह कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में आई हैं।