Breaking News

टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिप्पर खाई में गिरा; भाजपा नेता की मौत, सीएम धामी ने जताया दुःख

टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला के पास एक टिप्पर वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में टिप्पर स्वामी भाजपा नेता की मौत हो गई। जबकि एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया।

सोमवार को भाजपा धूरा अमोडी मंडल के बेलखेत बूथ अध्यक्ष 46 वर्षीय जगदीश सिंह पुत्र बची सिंह अपने टिप्पर वाहन से निर्माण सामग्री छोड़ने खेतीखान जा रहे थे। सुबह साढ़े पांच बजे टनकपुर-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग के बड़ौली बैंड निकट स्वाला में अनियंत्रित होकर वाहन खाई में जा गिरा। इस हादसे में टिपर स्वामी व एक अन्य ग्रामीण घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम व स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को खाई से सड़क पर निकाला गया। दोनों को उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जगदीश सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि टिप्पर में बैठे 45 वर्षीय नरेश सिंह पुत्र हयात सिंह निवासी बेलखेत गंभीर रूप से घायल हो गये। कोतवाल योगेश उपाध्याय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने दुख जताया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर शोक जताते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया है। वन विकास निगम के चेयरमैन कैलाश गहतोड़ी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीप चंद्र पाठक समेत भाजपा के तमाम पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त कर शोक संवेदना व्यक्त की है।