Breaking News

गुजरात में बीजेपी की बल्ले-बल्ले, अहमदाबाद समेत सभी निगमों में भाजपा को बहुमत

गुजरात में स्थानीय निकाय के लिए रविवार को हुए चुनाव के मंगलवार को परिणाम सामने आ रहे हैं। अब तक के रुझानों में सभी छह नगर निगमों- अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, जामनगर, भावनगर और राजकोट में भाजपा को बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं उसने कई सीटों पर जीत हासिल कर ली है। सूरत में आम आदमी पार्टी का खाता खुला है। पार्टी ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस पार्टी खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। जामनगर में बसपा ने तीन सीटों पर जीत प्राप्त की है। वहीं पहली बार गुजरात निकाय चुनाव में उतरी असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम को अहमदाबाद की चार सीटों पर विजय मिली है। रुझानों में बहुमत मिलता देख भाजपा के कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। शाम को सात बजे अहमदाबाद के खानपुर इलाके में स्थित भाजपा कार्यालय में विजय सभा का आयोजन किया गया है।


राजकोट नगर निगम में भाजपा को बहुमत प्राप्त हो गया है। भाजपा ने यहां की 72 में से 56 सीटों पर जीत दर्ज की है। फिलहाल मतों की गिनती जारी है। निकाय चुनावों की 576 सीटों में से 349 के रुझान मिल गए हैं। इसमें से भाजपा 286 और कांग्रेस 42 सीटों पर आगे है। अहमदाबाद को छोड़कर अन्य किसी निगम में कांग्रेस दो अंकों पर नहीं पहुंच सकी है। राजकोट की 72 में से 48 सीटों के रुझान आ चुके हैं। यहां सभी सीटों पर भाजपा आगे चल रही है।


भाजपा ने अहमदाबाद सहित सभी छह नगर निगमों में जीत के जश्न की तैयारी शुरू कर दी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा सभी नगर निगमों में एकतरफा बहुमत से जीत हासिल कर रही है। शाम को सात बजे अहमदाबाद के खानपुर इलाके में स्थित भाजपा कार्यालय में विजय सभा का आयोजन किया गया है। इसमें गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं। अहमदाबाद सहित सभी छह नगर निगमों में भाजपा ने बढ़त बनाई हुई है। 21 फरवरी को निकाय चुनाव के लिए मतदान हुए थे। भाजपा 277 और कांग्रेस 53 सीटों पर आगे चल रही है। सूरत में आप 16 सीटों पर आगे चल रही है। वो यहां दूसरे नंबर की पार्टी बन गई है और कांग्रेस खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। वहीं राजकोट में भाजपा को 72 में से 24 सीटों पर जीत मिल चुकी है। रुझानों में भी पार्टी बाकी की 24 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।