Breaking News

केजरीवाल ने दिल्ली को गंदगी, प्रदूषण और भ्रष्टाचार में नंबर वन बनाया: कांग्रेस

कांग्रेस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और निगम में लम्बे समय तक सत्तारूढ़ भाजपा पर दिल्ली के लोगों के साथ विकास के नाम पर धोखा, छलावा और वादाखिलाफ़ी करने का गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दलों ने खूबसूरत दिल्ली को गंदगी, प्रदूषण व भ्रष्टाचार में अव्वल बनाकर रख दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दिल्ली नगर निगम के पूर्व मेयर फ़रहाद सूरी ने दरियागंज वार्ड से अपना नामांकन आज दाखिल करने के बाद कहा कि दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार लोगों को सिर्फ सपने दिखाकर वाहवाही बटोरने का काम कर रही है।

दिल्ली के विकास पर लगने वाला पैसा अपनी छवि चमकाने के लिए प्रचार पर लगाया जा रहा है। उन्होंने अपने जीत का दावा करते हुए कहा कि वह क्षेत्र के विकास और लोगों की सेवा के लिए चौबीस घंटे तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली की आवाम के साथ निरंतर झूठ बोलकर वाहवाही बटोरने का काम किया है लेकिन अब लोग उनकी चाल और छल को समझ चुके हैं। दिल्ली सरकार के स्कूलों में आज भी बड़ी संख्या में अतिथि अध्यापक काम कर रहे हैं जबकि 8 साल पहले केजरीवाल ने सभी को पक्का करने का वादा किया था। झूठे वादे और लोगों को गुमराह करना आम आदमी पार्टी की नियति बन गई है। भ्रष्टाचार में लिप्त होने वाले आम आदमी पार्टी के नेता बेचारा बनकर स्वयं को ईमानदारी का सर्टिफिकेट ले रहे हैं। झूठे सपने बेचने वालों को निगम चुनाव में जनता अवश्य जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को पक्का करने का आम आदमी पार्टी का वादा पूरी तरह झूठा है क्योंकि केजरीवाल सरकार ने 8 वर्षों के शासन में राजधानी को बेरोजगारी में चरम पर पहुंचा दिया है। दिल्ली सरकार के अनुबंधित व कच्चे कर्मचारियों को अब तक पक्का नही किया तो निगम चुनावों के लिए उनका यह वायदा बेबुनियाद है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार के दौरान निगम को पूरा पैसा समय पर दिया जाता था जिसके कारण निगम कर्मचारी वेतन व भत्तों को लेकर कभी भी हड़ताल पर नही गए। फ़रहाद सूरी ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त निगम बनाने की बात करने वाले अरविन्द केजरीवाल पहले दिल्ली सरकार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाए। निगम के भ्रष्टाचार में आम आदमी पार्टी और भाजपा बराबर की भागीदार रही जिन्होंने दिल्ली नगर निगम को कंगाल बना दिया। नए नक्शे, लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने की घोषणा करने का खोखला वायदा करके केजरीवाल दिल्ली के नागरिकों और व्यापारियों को गुमराह कर रहे है।

निगम चुनावों केजरीवाल खोखले वायदे करके दिल्लीवालों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का रेहड़ी पटरी वालों को वेंडिंग जोन में जगह देने का दिलासा पूरी तरह आधारहीन है क्योंकि कांग्रेस की यूपीए सरकार द्वारा रेहड़ी पटरी अजीविका कानून लागू करने के बावजूद पिछले आठ वर्षों में दिल्ली सरकार ने इसे लागू नही किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी के शासन में रेहड़ी पटरी वालों के उपर हमेशा ही तलवार लटकी रही है।

कांग्रेस के नेता ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने 08 वर्षों में अभी तक एक भी नया स्कूल या अस्पताल अपनी बुनियाद पर नही बनाया है। शिक्षा के झूठे मॉडल का बखान करने वाले केजरीवाल की शिक्षा व्यवस्था की वास्तविकता दिल्ली के सरकारी स्कूलों के छात्रों का गिरता हुआ शिक्षा का स्तर है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल पहले ही कोविड के दौरान खुल चुकी है जब दिल्ली में कोविड से सबसे ज्यादा मौतें दर्ज हुई और केजरीवाल ने अपने आप को बेचारा साबित करता रहा।