Breaking News

कभी चॉल में रहता था यह भारतीय क्रिकेटर, अब खरीदा 10 करोड़ का लग्जरी अपार्टमेंट

कहते हैं मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है, पंख से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है… ये लाइनें पृथ्वी साव के क्रिकेटीय सफर पर सटीक बैठती है। एक वक्त था जब उनकी फैमिली विरार की एक चॉल में छोटे से घर में रहा करती थी। पृथ्वी साव न केवल अपने सपनों को साकार किया, बल्कि बल्ले से आग बरसाते हुए पृथ्वी से आकाश तक का शानदार सफर तय किया है।

अब पृथ्वी साव ने मुंबई के बांद्रा रिक्लेमेशन में एक प्रीमियम रेजिडेंशियल अपार्टमेंट खरीदा है, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो पृथ्वी के लग्जरी अपार्टमेंट का कार्पेट एरिया 2209 स्क्वेयर फीट है, जबकि एक टैरेस 1654 स्क्वेयर फीट है। यह अपार्टमेंट प्रोजेक्ट-81 औरियेट स्थित है। इसकी स्टांप ड्यूटी की कीमत सुनेंगे तो हैरान हो जाएंगे। पृथ्वी ने स्टांप ड्यूटी के रूप में साढ़े 52 लाख रुपये अदा किए हैं।

पृथ्वी साव ने 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया और वह मोहम्मद कैफ, विराट कोहली, उन्मुक्त चंद के बाद वह वर्ल्ड कप जीतने वाले चौथे भारतीय कप्तान बने थे। इसके बाद इस छोटे कद के धाकड़ ओपनर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने इसी वर्ष भारत के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू भी किया था, जबकि 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे करियर का आगाज किया।

श्रीलंका के खिलाफ 2021 में टी-20 डेब्ये करने वाले पृथ्वी फिलहाल आईपीएल की दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस सीजन के लिए रिटेन किया था। उन्होंने 62 मैचों में 25.23 की औसत और 148.39 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1564 रन बनाए हैं।