Breaking News

इन राज्यों में बढ़ी बादलों की सक्रियता, मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट

ऐसा लग रहा है कि पूर्वी उत्तर बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमाओं में जल्द ही मानसून की सक्रियता बढ़ने वाली है। पूर्वी उत्‍तर बिहार में अब अगले 48 घंटों में मानसून की गति बढ़ जाएगी और सप्‍ताह भर में उत्‍तर प्रदेश की सीमाओं में पहुंच जाएगी। इसके बाद इस राज्यों में बादलों की सक्रियता बढ़ जाएगी और बारिश शुरू हो जाएगी। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से तरफ से जारी सैटेलाइट तस्‍वीरों में देखा जा सकता है कि पूर्वांचल और उसके आसपास के इलाकों में बादलों की सक्रियता बनी हुई है। विभाग ने इस पूरे सप्ताह इस इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।

जल्द मिलेगी गर्मी से राहत 

मौसम विभाग के मुताबिक़ मंगलवार की सुबह आसमान साफ रहा लेकिन ठंडी हवाएं चलती रहीं हैं। हालांकि यहां गर्मी और उमस का भीषण प्रकोप है। यहां तापमान भी 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका लेकिन अब मौसम में आये इस बदलाव से अंदाजा लगाया जा रहा है कि जल्द ही लोगों को गर्मी से राहत मिल जाएगी। मानसून के आगमन के ठीक पूर्व यह वातावरण बादलों के अनुकूल है। मौसम विभाग क कहना है कि आने वाले पूरे सप्‍ताह भर तक बादलों की सक्रियता बनी रहेगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी तल्‍ख होगा। साथ ही लोकल हीटिंग और नमी बढ़ने की वजह से बूंदाबांदी भी हो सकती है। माना जा रहा है कि पूर्वांचल में प्री मानसूनी परिस्थितयां सक्रिय हो चुकी हैं। पूर्वांचल में 15 जून के बाद मानसून के आगमन के साथ ही बारिश की बूंदें लोगों को खूब राहत देंगी।

पूर्वोत्तर भारत में दिखना शुरू हुआ असर 

इधर पूर्वोत्तर भारत और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मानसून का असर दिखना शुरू हो गया है। यहां भी आने वाले समय में हल्की से मध्यम तो कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, पूर्वी और दक्षिण मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों समेत गुजरात के कुछ इलाकों में हल्की तथा कहीं-कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है।

मुंबई में प्रशासन अलर्ट 

वहीं मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश की आशंका देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बारिश की वजह से होने वाली किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए राज्य प्रशासन को मुस्तैद रहने का आदेश दे दिया है। मुंबई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने ट्वीट किया, “क्षेत्र में अगले पांच दिन में मौसम बिगड़ने की कई चेतावनी दी गई है, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 10 जून से भारी बारिश होने की आशंका है। ”