Breaking News

अयोध्या में बड़ा हादसा : सरयू में एक ही परिवार के 12 लोग डूबे, गोताखोर कर रहे तलाश

अयोध्या में शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ है। सरयू में स्नान करते समय एक ही परिवार के 12 लोग डूब गये। सरयू में डूबे लोगों की तलाश के लिए पुलिस और पीएसी के गोताखोरों को लगाया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया है। सरयू में डूबने का यह हादसा गुप्तेश्वर घाट पर हुआ है। हादसे का शिकार परिवार आगरा से अयोध्या घूमने और दर्षन करने आया था। सरयू में डूबे लोगों को बचाने के लिए अधिकारियों की टीम बचाव और राहत कार्य में लगी है। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान तेज धारा के कारण पहले दो लोग धारा में बहने लगे। इसके बाद एक दूसरे को बचाने के चक्कर में 12 लोग बह गये। लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस प्रशासन को मामले की जानकारी दी।

जब तक मौके पर पुलिस पहुंचती कई लोग सरयू में लापता हो चुके थे। डूबने की जानकारी मिलते ही खलबली मच गई। अधिकारियों का दल मौके पर पहुंच गया है। गोताखोरों को तत्काल सरयू में उतारा गया। पीएसी के गोताखोरों को भी बुलाया गया है। एनडीआरएफ को भी बुलाने की तैयारी चल रही है। सरयू घाट किनारे बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन के लोग पहुंच गए हैं।

फिलहाल सरयू में डूब, बहे लोगों में से किसी के बारे में पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि परिवार के 15 लोग स्नान कर रहे थे। इसमें से तीन तैरकर बच गए हैं। बचे लोगों की हालत भी बदहवास की तरह है। वह हादसे के बारे में कुछ बताने की स्थिति मंे नहीं है। फिलहाल आसपास के मल्लाहों और केवटों को लगाया गया है। एसएसपी सर्वेश पांडेय खुद नाव पर बैठकर मौके का मुआयना कर रहे हैं। वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर रही है।